राजगढः कुएं में डूबने से महिला की मौत

 


राजगढ़, 27 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कालीपीठ थाना क्षेत्र के ग्राम देवली में शुक्रवार दोपहर गाय को पानी पिलाने के दौरान 45 वर्षीय महिला कुएं में गिरने से पानी में डूबकर मौत हो गई। देहात ब्यावरा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और जीरो पर मर्ग कायम कर जांच शुरु की।

जानकारी के अनुसार ग्राम देवली निवासी 45 वर्षीय रामकन्याबाई पत्नी भगवानसिंह धनगर की कुएं में गिरने से मौत हो गई। बताया गया है कि रामकन्याबाई खेत पर कटाई कर रहे अपने पति के लिए खाना लेकर पहुंची थी। इसी दौरान वह गाय को कुएं पर पानी पिलाने गई, जहां अचानक पैर फिसलने से वह गहरे कुएं में गिर गई। घटना के समय खेत पर मौजूद परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद महिला को कुएं से बाहर निकाला और तत्काल सिविल अस्पताल ब्यावरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर देहात ब्यावरा थाना पुलिस ने पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम कर मामला कालीपीठ थाना क्षेत्र में स्थानांतरित करते हुए जांच शुरू कर दी है। इस दुखद हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक