राजगढ़ः खेत से लौट रही महिला की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत

 


राजगढ़, 06 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरगोलिया में खेत से चारा लेकर घर लौट रही एक महिला की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बरगोलिया निवासी 40 वर्षीय चंद्रकलाबाई दांगी रविवार शाम खेत से चारा लेकर घर लौट रही थीं। उनके लगभग 10 फीट पीछे उनके काका ससुर हजारीलाल दांगी और 14 वर्षीय पुत्र ओम चल रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चंद्रकलाबाई पर गिर गई। बिजली की चपेट में आते ही वह सड़क पर गिर पड़ीं। परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें उठाकर खिलचीपुर अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर है। चंद्रकलाबाई अपने पीछे दो बेटे रितिक और ओम को छोड़ गई हैं।

इसी दौरान ग्राम गाड़ाहेट में भी आकाशीय बिजली गिरने से किसान कंवरलाल दांगी की भैंस की मौत हो गई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। अचानक बदले मौसम और तेज गर्जना के बीच हुई इन घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक