अनूपपुर: मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से जिले के 111 हितग्राहियों के खातों में 2 करोड़ 33 लाख रुपये की अंतरित
अनूपपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना अंतर्गत जिले के 111 हितग्राहियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 2 करोड़ 33 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना अंतर्गत प्रदेश के पात्र हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता राशि का सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरण किया। जिसमे अनूपपुर जिले के 111 हितग्राहियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 2 करोड़ 33 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु होने पर हितग्राही के परिजनों को 4 लाख रुपये तथा सामान्य मृत्यु होने पर 2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की जाती है। यह सहायता राशि असंगठित श्रमिकों के परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को देखने एवं सुनने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष सहित जिले के जनपद, नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। जिला स्तरीय कार्यक्रम में श्रम पदाधिकारी श्री अनुव्रत देव द्विवेदी सहित मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।
इस अवसर पर श्रम पदाधिकारी अनुव्रत देव द्विवेदी ने हितग्राहियों को प्रतीक स्वरूप अनुग्रह सहायता राशि के प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने हितग्राहियों एवं उनके परिजनों से शासन द्वारा प्रदान की गई सहायता राशि का सदुपयोग करते हुए जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला