मध्य प्रदेश में अब सर्दी ने पकड़ा जोर, 14 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे, चार दिन में 4 डिग्री तक गिरेगा तापमान

 




भोपाल, 24 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में बारिश और बादलों का दौर थमने के साथ ही अब सर्दी जोर पकड़ने वाली है। अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान है। ग्वालियर-चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग के शहरों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। सोमवार रात प्रदेश के 14 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, जबकि भोपाल 12.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात 'अकवान' और ट्रफ के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में पिछले चार दिनों से बारिश हो रही थी। बादल और बारिश के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार को मौसम साफ रहा। हालांकि, बैतूल समेत कई शहरों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा।

भोपाल में 12.4 डिग्री तक पहुंचा पारा

बीती सोमवार रात प्रदेश के 14 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। भोपाल में सबसे कम 12.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा ग्वालियर में 12.8, शिवपुरी में 13, दतिया में 13.3 और दमोह में 13.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। रायसेन और रतलाम में पारा 13.5 डिग्री, श्योपुर में 13.6, धार में 14.1, खरगोन में 14.2, गुना और खंडवा में 14.4, उज्जैन में 14.5 तथा नौगांव में 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

उत्तरी हवाओं से बढ़ेगी ठंड

राजस्थान में इन दिनों कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। वहीं, उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। इन मौसमी परिस्थितियों का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ेगा। बारिश और बादलों के हटने के बाद उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं प्रदेश में तापमान गिराएंगी।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार दिनों में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है। ग्वालियर, चंबल, उज्जैन, रीवा और सागर संभाग में ठंड का असर अधिक रहने की संभावना है। इन इलाकों में उत्तरी हवाएं सीधे पहुंचती हैं, जिससे कई शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत