मैहर : अवैध शराब तस्करों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, तीन आरोपी गिरफ्तार

 




मैहर, 16 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुरूवार सुबह दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 28 लाख रुपये बताई जा रही है।

इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन बड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में गुड्डू पटेल, महेंद्र चौरसिया तथा धर्मेंद्र परौहा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये आरोपी लंबे समय से अवैध शराब कारोबार में सक्रिय थे और निगरानी में थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सूत्रों के मुताबिक, मैहर पुलिस क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करों की पहचान कर उनके नेटवर्क पर लगातार नजर बनाए हुए है। हालिया कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है और आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी