जबलपुरः जंगली सियार ने घरों में घुसकर सात ग्रामीणों पर हमला, गांव में दहशत

 


जबलपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सिहोरा मझगवां थाना क्षेत्र के कन्हाई देवरी गांव स्थित इंदिरा कॉलोनी में गुरुवार तड़के एक जंगली सियार ने घरों में घुसकर सो रहे ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस घटना में सात लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 3:30 बजे सियार अचानक कॉलोनी के कई घरों में घुस गया और सो रहे लोगों पर हमला कर दिया। हमले में पुरुषोत्तम चौधरी (35), मंजू चौधरी (46), सुदर्शन चौधरी (45), रमित्री चौधरी (50), प्रीति चौधरी (30), रूपलाल चौधरी (50) और त्रिवेणी चौधरी (40) घायल हो गए। सभी को हाथ, कलाई, उंगलियों और आंख के आसपास गंभीर चोटें आई हैं।

घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों की मदद से सियार को गांव से बाहर खदेड़ दिया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सिहोरा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में इस तरह की घटना पहली बार हुई है, जब कोई जंगली जानवर घरों के भीतर घुसकर लोगों पर हमला करने पहुंचा हो। घटना के बाद लोगों में दहशत व्याप्त है और रात के समय घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस किया जा रहा है।

कन्हाई देवरी गांव जबलपुर जिले का अंतिम गांव है, जो कटनी-जबलपुर सीमा पर स्थित है। यह इलाका सिंलौडी-कुंडम के वन क्षेत्रों और घने जंगलों से जुड़ा हुआ है। ग्रामीणों का अनुमान है कि भोजन की तलाश या रास्ता भटकने के कारण सियार जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया होगा।

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से सियार को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। साथ ही गांव और आसपास के इलाकों में नियमित गश्त की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक