पश्चिम बंगाल विजय राष्ट्रवाद की जीत, असम व पांडुचेरी में भी भाजपा की जीत ऐतिहासिक: डॉ. नरोत्तम मिश्रा

 


भोपाल, 04 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिली प्रचंड जीत को राष्ट्रवाद की निर्णायक विजय बताया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि विचारधारा की जीत है, जहां जनता ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा।

डॉ. मिश्रा ने साेमवार काे मीडिया काे जारी अपने बयान में कहा कि बंगाल की जनता ने कठिन परिस्थितियों में भी लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था बनाए रखी और स्पष्ट जनादेश दिया। यह जनादेश बताता है कि अब देश का मतदाता विकास, सुरक्षा और सुशासन के मुद्दों पर निर्णय ले रहा है, न कि भ्रम और तुष्टिकरण की राजनीति पर। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की यह सफलता संगठन की ताकत, कार्यकर्ताओं की तपस्या और नेतृत्व की स्पष्ट नीति का परिणाम है।हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और अमित शाह जी की रणनीतिक कुशलता ने इस जीत को ऐतिहासिक बना दिया।

डॉ. मिश्रा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने वर्षों से चली आ रही भय, हिंसा और तुष्टिकरण की राजनीति को पूरी तरह नकार दिया है। यह परिणाम उन सभी के लिए संदेश है जो वोट बैंक की राजनीति के सहारे सत्ता में बने रहना चाहते थे। उन्होंने आगे कहा कि यह जीत केवल बंगाल तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में एक नई राजनीतिक चेतना का संकेत है। इससे साफ हो गया है कि अब जनता राष्ट्रवाद, विकास और पारदर्शिता के साथ खड़ी है। डॉ मिश्रा ने भाजपा की इस ऐतिहासिक जीत पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि “बंगाल की जनता का यह फैसला आने वाले समय में देश की राजनीति की दिशा तय करने वाला साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे