पश्चिम बंगाल में विकास और सुशासन के नए युग की शुरुआत : हेमंत खण्डेलवाल
भोपाल, 09 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में नवगठित भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल सभी मंत्रियों को शुभकामनाएं दी हैं।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में विकास, सुशासन और जनकल्याण का नया अध्याय प्रारंभ हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवगठित मंत्रिमंडल प्रदेश की जनता की अपेक्षाओं पर पूर्णतः खरा उतरते हुए विकास कार्यों को नई गति देगा तथा राज्य को प्रगति और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ाएगा।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ कार्य करते हुए पश्चिम बंगाल को सुशासन, सुरक्षा और विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों के सफल, जनहितैषी एवं उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नई सरकार प्रदेश में शांति, सुरक्षा और जनकल्याण को और अधिक सुदृढ़ करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे