बुद्ध पूर्णिमा व मजदूर दिवस पर तुलाई बंद, किसानों ने किया चक्काजाम
आगरमालवा, 01 मई (हि.स.)। बुद्ध पूर्णिमा और मजदूर दिवस के अवकाश के चलते गेहूं तुलाई बंद रहने से मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के बड़ौद क्षेत्र में किसानों ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। बिना पूर्व सूचना केंद्र बंद होने से नाराज किसान सड़क पर बैठ गए और डग-बड़ौद मार्ग पर गोशाला के पास यातायात रोक दिया।
जानकारी के अनुसार, बड़ौद क्षेत्र के किसान अपनी उपज लेकर ग्राम कंकड़ेल के समीप स्थित सायलो गेहूं उपार्जन केंद्र पहुंचे थे। वहां तुलाई बंद मिलने पर किसान आक्रोशित हो गए। चक्काजाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया।
सूचना मिलने पर बड़ौद थाना प्रभारी रूपसिंह बेस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से चर्चा की और अधिकारियों द्वारा जल्द तुलाई शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया, जिससे यातायात सामान्य हो सका।
जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी एम.एल. मालवीय ने बताया कि बुद्ध पूर्णिमा और मजदूर दिवस के कारण अवकाश था। कुछ किसानों का गेहूं पिछले दिन तुलाई से शेष रह गया था। किसानों की समस्या को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद शेष गेहूं की तुलाई कराई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा