मध्य प्रदेश में चक्रवात 'अकवान' से बदलेगा मौसम, 20-21 नवंबर को आंधी-बारिश की संभावना

 


- बालाघाट-डिंडौरी में भारी बारिश के आसार

भोपाल, 18 नवम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर दिखाई देने की संभावना है। 20 और 21 नवंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग में मौसम प्रभावित हो सकता है। 21 नवंबर को इसका असर अधिक रहने का अनुमान है। बालाघाट और डिंडौरी में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जहां अगले 24 घंटे में ढाई से साढ़े चार इंच तक बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, जबलपुर, मंडला, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर और खरगोन में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

20 नवंबर से शुरू होगा मौसम में बदलाव

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 20 नवंबर को शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, सिवनी और बालाघाट में हल्की बारिश हो सकती है। इससे पहले प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है। भोपाल में पिछले दो दिनों से बादलों का डेरा है और धुंध भी दिखाई दे रही है।

शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा, पारा 9.9 डिग्री

बारिश के अलर्ट के बीच प्रदेश में ठंड का असर भी बना हुआ है। बीती रात शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। कटनी के करौंदी में 10.9 डिग्री, दमोह में 12, नौगांव में 12.2, उमरिया में 13.1 और पचमढ़ी में 13.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। छिंदवाड़ा और जबलपुर में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री रहा। भोपाल, खजुराहो और ग्वालियर में 13.18 डिग्री, मंडला में 14, सतना और सीधी में 14.2, बैतूल में 14.3 तथा मलाजखंड में 14.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

कश्मीर-उत्तराखंड में बर्फबारी से बढ़ी ठंड

कश्मीर और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी जारी है। इसका असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है। प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मौजूदा सिस्टम के आगे बढ़ने के बाद प्रदेश में ठंड का असर और तेज हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत