टिकट चेकिंग से पश्चिम मध्य रेल को ₹80.46 करोड़ की कमाई, 9.63 लाख मामले पकड़े
जबलपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर रेल मंडल द्वारा मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार पश्चिम मध्य रेल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर तक टिकट चेकिंग अभियान के जरिए ₹80 करोड़ 46 लाख का राजस्व अर्जित किया है। इस दौरान बिना टिकट, अनियमित टिकट और बिना बुक सामान के साथ यात्रा करने के 9 लाख 63 हजार मामले पकड़े गए। पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में राजस्व में 6.13 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
मंडलवार प्रदर्शन में जबलपुर मंडल सबसे आगे रहा। यहां 4.37 लाख मामलों से ₹38.09 करोड़ का राजस्व मिला। भोपाल मंडल में 3.20 लाख मामलों से ₹25.09 करोड़ और कोटा मंडल में 1.90 लाख मामलों से ₹16.08 करोड़ की वसूली हुई। वहीं मुख्यालय सीसीएम स्क्वाड ने 16 हजार मामलों से ₹1.20 करोड़ अर्जित किए।
पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि में रेलवे को ₹75.82 करोड़ मिले थे। इस वर्ष ₹4.64 करोड़ अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक करने और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक