आगरमालवाः भारी बारिश से घरों में जलभराव, राहत एवं बचाव कार्य शुरू

 


आगरमालवा, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले के सोयतकलां में रविवार की रात से हो रही तेज बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। यहां हुई बारिश से निचली बस्तियों में जलभराव हो गया, जिससे अनेक घरों में पानी भर गया। लोगों को अपनी जान बचाने तथा सुरक्षित रहने के लिये अपने-अपने घरों की छतों का सहारा लेना पड़ा।

जिला अपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना एवं एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा जनसुरक्षा तथा राहत एवं बचाव के लिए होमगार्ड एवं एसडीआरएफ की टीम को तत्काल सोयतकलां भेजा गया हैं।

कंपनी कमांडर के नेतृत्व में एसडीआरएफ के जवान लक्ष्मण, गोविंद,मनीष तथा होमगार्ड के जवान विजेंद्र, महेंद्र आवश्यक राहत सामग्री सहित शासकीय वाहन से मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। कंपनी कमांडर कविता सोलंकी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि एसडीएम देवकुंवर सोलंकी एवं डिप्टी कलेक्टर अर्पिता राय भी सोयतकलां पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्यों पर निगरानी रखे हुए हैं। अभी तक कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं मिली है। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए जिले के नागरिकों से अपील है कि जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा