अनूपपुर: जीवन के लिए जल आवश्यक, जल स्त्रोतों को संरक्षित करने सभी आगे आएं - बिसाहूलाल सिंह

 


ग्राम भोलगढ़ से जल गंगा संवर्धन अभियान का हुआ शुभारंभ

अनूपपुर, 30 मार्च (हि.स.)। जीवन के लिए जल बहुत ही महत्वपूर्ण एवं आवश्यक है। जल स्त्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिये सभी नागरिकों को आगे आना होगा। जल स्त्रोतों के पुनर्जीवन के लिए सभी नागरिकों को एकजुट होकर समन्वित प्रयास करने की आवश्यकता है। तालाबों को सहेजने की आवश्यकता है। सभी को मिलकर प्रयत्न करना होगा कि तालाबों मं पानी हमेशा भरा रहे। हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पहल पर दूसरी बार जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान पर्यावरण, प्रकृति तथा जल के संरक्षण के लिए महती भूमिका निभा रहा है।

यह बात रविवार को जिले के ग्राम पंचायत बरबसपुर के अंतर्गत ग्राम भोलगढ़ में जल गंगा संवर्धन अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनूपपुर विधायक बिसाहू लाल ने कही। उन्होंने रहीम दास जी के दोहे रहिमन पानी राखिए, बिन पानी सब सून। पानी गए न ऊबरे, मोती मानुष चून के माध्यम से जल के महत्व को लोगों को बताया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा शुद्ध एवं स्वच्छ जल को घर-घर तक पहुंचाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है तथा जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन एवं प्रशासन द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान आज अर्थात 30 मार्च से 30 जून तक चलाया जाएगा। उन्होंने सभी से अभियान में सहभागिता निभाने और जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु अपना-अपना योगदान देने का आह्वान भी किया।

श्रमदान कर किया जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ

विधायक बिसाहू लाल सिंह ने ग्राम भोलगढ़ के ससन तालाब में श्रमदान कर जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ किया तथा जल के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु लोगों का बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने हेतु अपील भी की।

जल के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु दिलाई शपथ

विधायक ने जल गंगा संवर्धन अभियान के शुभारंभ अवसर पर जल के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु शपथ दिलाई तथा जल के उपयोगिता के संबंध में लोगों को जागरुक भी किया।

जिले में लगभग 3739 जल स्रोत के संवर्धन के कार्य स्वीकृत

अनूपपुर जिले में लगभग 3739 जल स्रोत के संवर्धन के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। जिसके अंतर्गत जनपद पंचायत अनूपपुर में 696 जनपद पंचायत जैतहरी में 1205 जनपद पंचायत कोतमा में 529 एवं जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में 1309 कर स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों में तालाब, कुआं, बावड़ी सहित अन्य जल स्रोतों को शामिल किया गया है।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय वशिष्ठ शर्मा, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष पार्वती बाल्मिक राठौर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जैतहरी लाल बहादुर वर्मा, सरपंच बरबसपुर बिसाहू लाल रौतेल सहित अन्य जन प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी व नागरिको ने सहभागिता की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला