सागरः जिले की प्रारूप मतदाता सूची का हुआ प्रकाशन
सागर, 12 नवंबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत गुरुवार को सागर जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची का आधिकारिक प्रकाशन कर दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां सौंपीं और इसके पश्चात पत्रकार वार्ता के माध्यम से पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, सागर जिले के कुल 2,213 मतदान केंद्रों पर 17 लाख 6 हजार 393 मतदाता दर्ज किए गए हैं। जिले का कुल जेंडर रेशो (लिंगानुपात) 885 तथा ईपी (इलेक्टोरल पॉपुलेशन) रेशो 60.83 दर्ज किया गया है।
विधानसभा क्षेत्रों के आंकड़ों पर नजर डालें तो बंडा विधानसभा क्षेत्र में जिले के सर्वाधिक 2,46,485 मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि बीना विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 1,79,977 मतदाता दर्ज हैं। मतदान केंद्रों की संख्या के मामले में रहली विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे है, जहां सर्वाधिक 310 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। लिंगानुपात के मामले में सागर विधानसभा क्षेत्र 945 के जेंडर रेशो के साथ शीर्ष पर है, वहीं रहली विधानसभा क्षेत्र का ईपी रेशो 63.35 जिले में सर्वाधिक है।
इस प्रारूप मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 13,393 नए युवा मतदाताओं को जोड़ा गया है, जिनमें सर्वाधिक 2,157 युवा मतदाता रहली विधानसभा क्षेत्र से हैं। इसके अतिरिक्त सूची में 85 वर्ष से अधिक आयु के 10,699 वरिष्ठ नागरिक और 13,697 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं। वरिष्ठ मतदाताओं की सर्वाधिक संख्या (1,795) देवरी विधानसभा क्षेत्र में है, जबकि दिव्यांग मतदाताओं की सर्वाधिक संख्या (2,365) बंडा विधानसभा क्षेत्र में दर्ज की गई है।
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत नागरिक 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक प्रारूप मतदाता सूची पर अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। आमजन की सुविधा के लिए 21 व 22 नवंबर तथा 5 व 6 दिसंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) मौजूद रहेंगे।
सूची से नाम कटवाने के लिए प्रारूप-7
नाम, पता या अन्य प्रविष्टियों में संशोधन के लिए प्रारूप-8
प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरती यादव ने राजनीतिक दलों को मतदाता सूची के आंकड़ों से अवगत कराया। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने सभी दलों से पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाने का आग्रह किया। बैठक में भाजपा से रामेश्वर नामदेव व मनीष नेमा, कांग्रेस से शैलेन्द्र तोमर, बसपा से हरीश राय चौधरी, सीपीआई (एम) से रामचरण लंबरदार और आम आदमी पार्टी से पुष्पेन्द्र सिंह राजपूत मौजूद रहे।
मीडिया संवाद के दौरान कलेक्टर ने पत्रकारों से अपील की कि वे समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए विशेष शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। इस दौरान अपर कलेक्टर अविनाश रावत, उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरती यादव और सिटी मजिस्ट्रेट शैलेष द्विवेदी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे