सागरः विश्व आदिवासी दिवस पर केसली में निकली भव्य रैली

 


सागर, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को आदिवासी बाहुल्य केसली तहसील स्थित रानी दुर्गावती चौक पर एक भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केसली नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से आए आदिवासी समाज के लोगों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं व गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ रानी दुर्गावती चौक पर वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। उपस्थित वक्ताओं ने आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण में उनके योगदान तथा वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान को नमन किया।

रानी दुर्गावती चौक से एक विशाल रैली का शुभारंभ हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और चौराहों से होती हुई गुजरी। इस रैली में क्षेत्रीय विधायक की पुत्री प्रियंका पटेरिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष राम लखन सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर, अजजा मंडल अध्यक्ष कृष्ण दीवान, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिवराज सिंह तथा पूर्व सरपंच उमेश खेहुरिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। रैली में पारंपरिक पोशाक पहने युवा ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करते हुए चल रहे थे। नगरवासियों और व्यापारियों द्वारा जगह-जगह रैली का आत्मीय स्वागत किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और नागरिकों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में हरिश्चंद्र लोधी, गोपाल विश्वकर्मा, रजत दीवान, गजराज सिंह, मनोज लोधी, पुष्पेंद्र सिंह, पूरन सिंह आदिवासी, अनिल सिंघई, दीपेश जैन, किशोर सिंह, राघवेंद्र सिंह, विक्रम दीवान, चंद्रभान दीवान, राजकुमार सिंह ठाकुर, राकेश आदिवासी, मस्तराम आदिवासी, सत्यपाल लोधी और रामकिशोर पटेल सहित अनेक गणमान्य लोग प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने समाज में शिक्षा, आत्मनिर्भरता और अपनी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने पर बल दिया। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की मौजूदगी ने क्षेत्र में सामाजिक समरसता और एकजुटता का एक अनूठा संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे