राजगढ़ः विश्व जल दिवस पर आपरेटर व कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए हुआ सम्मान

 


राजगढ़, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश जल निगम परियोजना इकाई द्वारा विश्व जल दिवस के अवसर पर रविवार को विभिन्न ग्राम पंचायतों के वाल्व ऑपरेटरों व कार्यकर्ताओं को पाइपलाइन में लघु सुधार कार्य हेतु टूलकिट प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान वाल्व संचालन, पाइपलाइन मरम्मत और जल आपूर्ति से जुड़े तकनीकी घटकों की विस्तृत जानकारी साझा की गई। आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं को जल गुणवत्ता परीक्षण से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया, साथ ही प्रयोगशाला में एफटीके के माध्यम से व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।

कार्यक्रम में ग्राम गोरधनपुरा की पानी समिति अध्यक्ष रेनू खान और पर्वतसिंह सोलंकी को जल प्रदाय में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति द्वारा दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा भोपाल में सम्मानित किए जाने पर विशेष रूप से अनुशंसित किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले ने वाल्वमेन व आशा कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु जल शपथ दिलवाई। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में महाप्रबंधक उमाकांत चैधरी, उप महाप्रबंधक विकास कुमार और प्रबंधक सचिन दांगी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक