पूर्व विधायक पंचूलाल प्रजापति विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नियुक्त

 


- बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष को बनाया प्राधिकरण का उपाध्यक्ष

भोपाल, 28 अप्रैल (हि.स.) । मध्य प्रदेश राज्य शासन ने विन्ध्य क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास को गति देने की दिशा में विन्ध्य विकास प्राधिकरण में महत्वपूर्ण नियुक्तियां की हैं। इस संबंध में योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग ने मंगलवार को आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार पूर्व विधायक पंचूलाल प्रजापति को विन्ध्य विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष नामांकित किया गया है। साथ ही, डॉ. अजय सिंह तथा संजय तीर्थानी को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अध्यक्ष प्रजापति रीवा जिले की मनगवां और देवतालाब विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। जबकि उपाध्यक्ष अजय सिंह रीवा में भाजपा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा संजय तीर्थानी भी लंबे समय से संगठन से जुड़े हैं। विंध्य विकास प्राधिकरण का पद विंध्य अंचल में अहम माना जाता है।

गौरतलब है कि पिछले चार दिनों से अलग-अलग निगम मंडलों, विकास प्राधिकरण और आयोग में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य की नियुक्ति का सिलसिला जारी है। अभी यह प्रक्रिया जारी रहने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत