अनूपपुर: पानी की समस्या हैंडपंप सुधरने के लिए से ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

 






अनूपपुर, 09 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के के अनूपपुर जिले के पुष्पराजगढ़ विकासखंड के ग्राम पोडंकी में मंगलवार को ग्रामीणों ने पानी की समस्या एवं खराब हैंडपंप को ठीक कराने की मांग को लेकर राजेंद्रग्राम -अमरकंटक सड़क जाम करते हुए प्रदर्शन किया। अधिकारियों के हस्तक्षेप और हैंडपंप के सुधार के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।

ग्रामीणों ने सुबह खाली बर्तन और बाल्टियां सड़क पर रखकर राजेंद्रग्राम से अमरकंटक जाने वाली सड़क को अवरुद्ध कर दिया। इस कारण घंटों तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पोडंकी गांव में लगा एकमात्र हैंडपंप पिछले 15 दिनों से खराब था। इस हैंडपंप पर आसपास के लगभग 30 से 35 घरों के लोग पानी के लिए निर्भर थे। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने विभाग को कई बार शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।

सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुष्पराजगढ़ तहसीलदार, पुलिस और पीएचई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्या सुनी। पुलिस ने पहले ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे।

कांग्रेस के पदाधिकारियों और पीएचई अधिकारियों की मौजूदगी में घंटों बाद तत्काल हैंडपंप की मरम्मत की गई। हैंडपंप ठीक होने के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। पीएचई एसडीओ पुष्पराजगढ़ दीपक साहू ने ग्रामीणों को जल्द ही एक और हैंडपंप लगाने का आश्वासन भी दिया है, ताकि भविष्य में पानी की समस्या न हो।

ग्रामीणों ने बताया कि हैंडपंप खराब होने के कारण पिछले 15 दिनों से वे निजी बोरवेल से पानी लाने को मजबूर थे। उन्होंने यह भी कहा कि पीएचई विभाग पुष्पराजगढ़ को इस समस्या के बारे में पहले ही अवगत करा दिया गया था, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला