अघोषित बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीणों ने ऊर्जा मंत्री की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर किया प्रदर्शन

 


भोपाल/शिवपुरी, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शिवपुरी जिले के सिरसौद गांव में बुधवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों ने गांव में जुलूस निकालते हुए ऊर्जा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद प्रतीकात्मक अर्थी को मुक्तिधाम ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से रोजाना 10 से 11 घंटे तक अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, जिससे खेती, पेयजल व्यवस्था और घरेलू कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली कटौती पूर्ववत जारी है।

उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी सिरसौद के सरपंच अतर सिंह लोधी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सिरसौद-पिछोर मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध दर्ज कराया था। ग्रामीणों का कहना है कि उस प्रदर्शन के बाद भी बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते बुधवार को उन्होंने प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

बुधवार को सिरसौद स्थित वृद्धाश्रम के सामने ग्रामीण एकत्र हुए, जहां प्रतीकात्मक अर्थी सजाई गई। इसके बाद गांव की गलियों से जुलूस निकालते हुए श्मशान घाट पहुंचकर उसका सांकेतिक अंतिम संस्कार किया गया।

ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद कर नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा