विकसित भारत के संकल्प को गति दे रहे जनकल्याण शिविर : गोविंद सिंह राजपूत
भोपाल, 18 जून (हि.स.)। तीन दिवसीय जनकल्याण शिविरों के अंतिम दिन गुरुवार काे सुरखी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनकल्याण शिविर में प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पहुंचे। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं। मंत्री राजपूत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन और शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा खाद्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं, जिनमें से अनेक मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। इस अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान, गरीब कल्याण अन्न योजना तथा डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
मंत्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। लाड़ली बहना योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, जबकि लाड़ली लक्ष्मी योजना बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला बन रही है। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वरोजगार योजनाएं एवं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है।
अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करती है भाजपा सरकार
जनता को संबोधित करते हुए खाद्य मंत्री राजपूत ने कहा कि जनकल्याण शिविर शासन की जनसेवा भावना का सशक्त माध्यम हैं, जहां सरकार स्वयं जनता के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है। शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए तथा बच्चों को साइकिलें प्रदान की गईं। खाद्य मंत्री राजपूत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारें अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करती हैं। गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।जनकल्याण शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और आमजन को त्वरित राहत प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विकसित मध्यप्रदेश के विजन को साकार करने में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ऐसे शिविर आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
जैसीनगर क्षेत्र में शीघ्र लगेगा विशेष स्वास्थ्य शिविर
खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने घोषणा की कि जैसीनगर क्षेत्र की जनता के स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य योजनाओं के लाभ से जोड़ने के उद्देश्य से शीघ्र ही विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ नेत्र रोगों की जांच एवं उपचार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे