राजगढ़ः दो घटनाओं के बाद तनाव, एफआईआर में देरी पर विहिप-बजरंग दल का धरना
राजगढ़, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में शुक्रवार देर रात हुई दो अलग-अलग घटनाओं के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। स्टेशन रोड पर मारपीट और एफआईआर में देरी के आरोप के साथ गाड़री मोहल्ले में शादी समारोह के दौरान दो पक्षों के विवाद और पथराव ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
दोनों मामलों में कथित कार्रवाई में देरी के विरोध में विहिप, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने शनिवार सुबह सिटी थाने के बाहर ओल्ड एबी रोड पर धरना प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पांच थानों का बल तैनात किया।
पहली घटना स्टेशन रोड स्थित सलूजा रोड लाइन के बाहर शुक्रवार रात लगभग 8 बजे हुई। विनायक नगर निवासी प्रकाशचंद्र यादव अपने परिजनों के साथ टहलने जा रहे थे,तभी नासिर पुत्र रफीक खां निवासी क्लब ग्राउंड ब्यावरा से कहा-सुनी के बाद मारपीट हो गई। परिजनों का आरोप था कि सूचना के बावजूद आरोपि नासिर पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते वे रात को ही सड़क पर बैठकर प्रदर्शन पर अड़ गए। करीब दो से तीन घंटे तक चले विरोध के बाद देर रात एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद कोतवाली टीआई मंजू मखानिया ने डायल-112 की टीम की सहायता से आरोपित नासिर को हिरासत में लिया।
दूसरी घटना गाड़री मोहल्ले में रात 11 बजे के आसपास हुई, जहां शादी समारोह के दौरान चल रहे कार्यक्रम के बीच रास्ता देने को लेकर दो पक्षों में विवाद उत्पन्न हो गया। विवाद जल्द ही गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया तथा पथराव तक की नौबत आ गई। क्षेत्र में देर रात से लेकर सुबह 5 बजे तक पुलिस बल तैनात रहा। पहले पक्ष के 15 वर्षीय नाबालिग ने आरोप लगाया कि उसे चिढ़ाने की बात पर लक्की शिवहरे, आकाश धनगर और विशाल धनगर सहित अन्य युवकों ने मारपीट की। पुलिस ने इस पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज किया।
दूसरे पक्ष के राकेश धनगर ने बताया कि उसकी शादी के माता पूजन कार्यक्रम के दौरान नाबालिग और अरबाज बाइक से गुजर रहे थे। रास्ते को लेकर कहा-सुनी हुई, जिसके बाद जेनुल, तोहिद, शादाब खान और अन्य लोगों द्वारा मारपीट व पथराव किया,जिसमें दो लोग चोटिल हो गए।पुलिस ने मामले में पाँच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शनिवार सुबह पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट विहिप एवं बजरंग दल के पदाधिकारी सिटी थाने पहुंचे और ओल्ड एबी रोड पर धरना देने लगे। धरना बढ़ता देख पुलिस और प्रशासन ने अतिरिक्त बल तैनात किया गया। मौके पर पहुंचे एसडीओपी प्रकाश शर्मा ने आश्वासन दिया कि दोनों पक्षों पर समान रूप से कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके कुछ समय बाद एएसपी के.एल. बंजारे भी सिटी थाने पहुंचे और संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। धरना के दौरान विहिप विभाग मंत्री अशोक गुप्ता ने कहा कि संगठन सदैव प्रशासन के साथ खड़ा है, लेकिन पुलिस द्वारा व्यवहार में लापरवाही आरोपित की गई। वहीं विहिप जिला मंत्री हर्ष तोमर ने कहा कि संगठन कानून व्यवस्था में सहयोग करता आया है और शांति बनाए रखना प्राथमिकता है।षहर थानाप्रभारी वीरेन्द्र धाकड़ का कहना है कि दोनों घटनाओं से जुड़े कुल 9 लोगों पर क्रॉस केस दर्ज किए गए हैं और जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक