जबलपुर : गोंडवाना एक्सप्रेस में विजिलेंस का छापा, तीन टीटीई के पास मिला 46 हजार रुपये से अधिक अतिरिक्त कैश

 


जबलपुर, 08 जून (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे की विजिलेंस टीम ने सोमवार सुबह जबलपुर मुख्य रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गोंडवाना एक्सप्रेस में ड्यूटी कर रहे तीन टिकट परीक्षकों को अतिरिक्त नकदी के साथ पकड़ा है।

जांच के दौरान तीनों कर्मचारियों के पास घोषित राशि से कुल 46,300 रुपये अधिक पाए गए। विजिलेंस ने प्रकरण दर्ज कर मामले को आगे की कार्रवाई के लिए जबलपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) को सौंप दिया है।

जानकारी के अनुसार ट्रेन क्रमांक 22182 गोंडवाना एक्सप्रेस के स्लीपर और वातानुकूलित कोचों में टीटीई मनोज कुशवाहा, कुंदन कुमार और अनिकेश कुमार की ड्यूटी लगी थी। ट्रेन के जबलपुर पहुंचने से पहले विजिलेंस टीम को एक यात्री द्वारा सूचना मिली थी कि कुछ टीटीई यात्रियों से कथित रूप से अवैध वसूली कर रहे हैं तथा जुर्माना लेने के बावजूद निर्धारित रसीद जारी नहीं की जा रही है।

सूचना के आधार पर विजिलेंस अधिकारियों ने जबलपुर स्टेशन पर निगरानी शुरू कर दी। सुबह करीब 10 बजे ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही टीम ने तीनों टीटीई को जांच के लिए रोक लिया। इसके बाद उनके पास मौजूद नकदी का मिलान ड्यूटी शुरू करने से पहले किए गए कैश डिक्लेरेशन से किया गया।

जांच में कुंदन कुमार के पास से 32 हजार रुपये, अनिकेश कुमार के पास से 14 हजार रुपये तथा मनोज कुशवाहा के पास से 300 रुपये अतिरिक्त नकद बरामद हुआ। कुल मिलाकर तीनों कर्मचारियों के पास 46,300 रुपये अधिक पाए गए।

विजिलेंस विभाग ने प्रारंभिक जांच पूरी कर प्रकरण को जबलपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मुधर वर्मा को अग्रिम विभागीय कार्रवाई के लिए भेज दिया है। रेलवे प्रशासन मामले की विस्तृत जांच कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक