विदिशा में पटवारी 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, बंटवारा- नामांतरण के एवज में मांगी थी रकम

 


भोपाल, 09 जुलाई (हि.स.)। भोपाल लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विदिशा जिले की नटेरन तहसील में पदस्थ पटवारी संदीप यादव को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पारिवारिक भूमि के बंटवारा, नामांतरण और फौती प्रकरण में कार्रवाई करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, विदिशा के काठी मोहल्ला निवासी प्रमेन्द्र धाकड़ ने 6 जुलाई को भोपाल लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पटवारी संदीप यादव राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए 30 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोपों का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर गुरुवार को योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की गई। शिकायतकर्ता जैसे ही आरोपी पटवारी को उसके निजी कार्यालय में 30 हजार रुपए देने पहुंचा, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा-7 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई को राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे