विदिशाः सिरोंज के दो निजी अस्पतालों पर बड़ी कार्रवाई, संचालन प्रतिबंधित, एफआईआर दर्ज
विदिशा, 06 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज क्षेत्र स्थित राज नर्सिंग होम एवं हेल्प एण्ड केयर मल्टी हॉस्पिटल के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों के आधार पर प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। जांच के बाद दोनों संस्थाओं का संचालन आगामी आदेश तक प्रतिबंधित कर दिया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ रामहित कुमार ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि इन अस्पतालों की शिकायतों की जांच हेतु एक समिति गठित की गई थी। इस जांच दल में सिरोंज तहसीलदार संजय चैरसिया (अध्यक्ष), बीएमओ डॉ. विकास कुमार सिंह एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. राजेंद्र कुमार कुशवाह शामिल थे।
उन्होंने बताया कि जांच के उपरांत प्रकरण में थाना सिरोंज द्वारा भी कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी के पत्र अनुसार 20 मार्च के परिपालन में हेल्प एण्ड केयर मल्टी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. शाहिद मोहम्मद एवं उनकी पत्नी डॉ. सिद्दीक खातून के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए हैं।
सीएमएचओ के अनुसार, प्रशासन ने मध्य प्रदेश उपचर्यागृह एवं रूजोपचार संबंधी स्थापना (पंजीयन एवं अनुज्ञापन) नियम 1997 (संशोधित 2021) तथा संबंधित अधिनियमों के अंतर्गत यह पाया कि संस्थाओं के संचालन में अनियमितताएं एवं अवैधानिक गतिविधियों में संलिप्तता के संकेत हैं। इस आधार पर संचालकों को संचालन के लिए अयोग्य मानते हुए दोनों अस्पतालों के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
इसके अतिरिक्त, संबंधित संस्थाओं का पंजीयन एवं अनुज्ञापन 31 मार्च 2026 तक ही वैध था, जिसके बाद न तो नवीनीकरण किया गया और न ही विभाग द्वारा पुनः संचालन की अनुमति प्रदान की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर