विदिशा के सांगुल गांव में किसान की मौत पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने जताया शोक, एक लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा

 


विदिशा, 22 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले की शमशाबाद तहसील के ग्राम सांगुल में एक किसान की मौत के मामले में मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने गहरा शोक व्यक्त किया। नेता प्रतिपक्ष सिंगार ने बुधवार को गांव पहुंचकर दिवंगत किसान कालूराम जाट के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।

इस दौरान सिंघार ने शोकाकुल परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए अपनी ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

परिजनों से बातचीत के बाद नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एक किसान का अपनी ही जमीन और सम्मान के लिए संघर्ष करते हुए इस तरह जीवन खो देना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने इसे गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।

उमंग सिंघार ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने, जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जवाबदेही तय करना जरूरी है।

मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे