राजगढ़ः सुरक्षित बचपन अभियान के तहत सांदीपनी स्कूल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम, न्यायाधिशों ने दी संरक्षण संबंधी जानकारी
राजगढ़, 3 नवंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में मंगलवार को शासकीय सांदीपनी विद्यालय राजगढ़ में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विधिक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बच्चों के संरक्षण से जुड़े कानूनों और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार 1 से 6 नवंबर 2026 तक सुरक्षित बचपन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजीव म. आपटे के मार्गदर्शन तथा जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के सचिव सुरेश कुमार शर्मा के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें व्यवहार न्यायाधीश वीरसिंह धाकड़, पूर्णांक चैबे और प्रशिक्षु न्यायाधीश देवेश पाण्डेय विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश सुरेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों के साथ उनसे जुड़े कानूनों और संरक्षण के प्रावधानों की जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने शासन द्वारा बच्चों के हित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि मन और बुद्धि के बीच संतुलन जरूरी है। मन की सोच से अच्छे और बुरे दोनों तरह के कार्य होते हैं। जो बच्चा अपने मन पर नियंत्रण रखना सीख लेता है, उसका भविष्य बेहतर और उज्ज्वल बन सकता है। प्रशिक्षु न्यायाधीश देवेश पाण्डेय ने विद्यार्थियों को संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों और मूल कर्तव्यों की जानकारी दी। साथ ही बच्चों से संवाद कर उनके भविष्य के लक्ष्य और आगे बढ़ने की जिज्ञासाओं को जाना। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय प्राचार्य ने अतिथियों का फूलमालाओं से स्वागत किया। अंत में आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के बाद अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पौधों को पानी भी दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक