राजगढ़ः विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जिला जेल और जिला चिकित्सालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
राजगढ़,7 अप्रैल(हि.स.)। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजगढ़ द्वारा जनहित में जिला जेल और जिला चिकित्सालय राजगढ़ में व्यापक विधिक जागरूकता एवं साक्षरता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य बंदियों और आमजनों को स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धताओं के प्रति जागरूक करना रहा। जिला जेल में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विशेष न्यायाधीश उपेन्द्र प्रताप सिंह थे। विशेष अतिथि के रूप में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नीलिमा देवदत्त, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देव दत्त तथा डिप्टी चीफ, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम नारायणसिंह वर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जेल अधीक्षक और जेल स्टाफ का सक्रिय सहयोग रहा। मुख्य अतिथि ने बंदियों को उनके विधिक अधिकार, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं न्यायालयीन सहायता से संबंधित जानकारी प्रदान की। साथ ही यह भी बताया गया कि हाल ही में वारंटियों की गिरफ्तारी बढ़ने से बंदियों की संख्या में वृद्धि हुई है, ऐसे में कानूनी जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। जिला चिकित्सालय राजगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड स्निग्धा पाठक और स्वाति भार्गव मुख्य अतिथि रही साथ ही अस्पताल अधीक्षक डॉ. रजनीश शर्मा सहित अन्य चिकित्सक एवं स्टाफ उपस्थित रहे। यहां मरीजों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य अधिकारों, उपचार में आने वाली समस्याओं के समाधान तथा निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही टोल फ्री नंबर 15100 के माध्यम से विधिक सलाह उपलब्ध होने की जानकारी भी साझा की गई। आयुष्मान योजना, कैंसर उपचार और जिला चिकित्सालय में उपलब्ध इलाज संबंधी सुविधाओं पर भी विशेषज्ञों ने प्रकाश डाला। दोनों कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों एवं बंदियों को कानूनी और स्वास्थ्य संबंधी रूप से सशक्त बनाना रहा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनहित कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक