श्योपुर कलेक्टर का वीडियो वायरल ‘दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड’ गाती दिखीं

 


श्योपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। प्रशासनिक कामकाज और सरकारी बैठकों के बीच मध्य प्रदेश के श्योपुर कलेक्टर शीला दाहिमा का फिल्मी अंदाज एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में है। चश्मा लगाकर बॉलीवुड फिल्म ये जवानी है दीवानी का लोकप्रिय गाना ‘दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड’ गाते हुए उनका वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कलेक्टर अपने सहज अंदाज में गाना गाती नजर आ रही हैं। इससे पहले भी उनके गायन और नृत्य के वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर चुके हैं।

वायरल वीडियो में शीला दाहिमा चश्मा लगाए रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण अभिनीत फिल्म ये जवानी है दीवानी के गाने ‘दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड’ को अपनी आवाज में प्रस्तुत करती दिखाई दे रही हैं। उनके गाने का अंदाज और सहज प्रस्तुति लोगों का ध्यान खींच रही है। बताया जा रहा है कि वीडियो 20 नवंबर को सामने आया था, जिसके बाद 21 नवंबर को सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई।

आमतौर पर प्रशासनिक गतिविधियों और सरकारी कार्यक्रमों में नजर आने वाली कलेक्टर का यह अलग अंदाज लोगों को पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर उनके इस वीडियो को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोग उनके गायन के शौक और कला के प्रति रुचि की सराहना कर रहे हैं।

गौरतलब है कि शीला दाहिमा का इससे पहले भी वीडियो वायरल हो चुका है। अगस्त 2026 में सामने आए एक वीडियो में वह वर्ष 1956 में रिलीज फिल्म सीआईडी के मशहूर गीत ‘लेके पहला-पहला प्यार’ पर डांस करती नजर आई थीं। उनके डांस स्टेप और उत्साह को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया गया था। इससे पहले इसी पुराने फिल्मी गीत को गाते हुए उनका वीडियो भी चर्चा में आया था। इस तरह प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ अपने कलात्मक अंदाज को लेकर कलेक्टर शीला दाहिमा लगातार सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा