उमरिया : मानपुर विधायक के वायरल वीडियो पर सियासत तेज, कांग्रेस ने जताई आपत्ति
उमरिया, 7 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले की मानपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन की पूर्व कैबिनेट मंत्री मीना सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में वह एक कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय के नारे लगवाती दिखाई देती हैं। इसी दौरान कुछ महिलाओं के नारे नहीं लगाने पर वह कथित रूप से कहती सुनाई देती हैं, महिलाएं क्यों नहीं बोलीं... लाड़ली बहना बंद करना है। इसी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो ग्राम पंचायत कुदरी क्रमांक-02 में आयोजित अटल सेवा सदन के लोकार्पण कार्यक्रम का है, जहां मीना सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं। कार्यक्रम के दौरान रिकॉर्ड हुआ करीब 10 सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
हालांकि, वीडियो का केवल एक छोटा हिस्सा ही वायरल हुआ है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि यह टिप्पणी किस संदर्भ में की गई थी और उससे पहले या बाद में क्या बातचीत हुई थी। पूरे कार्यक्रम का वीडियो सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं होने के कारण घटनाक्रम की पूरी पृष्ठभूमि सामने नहीं आ सकी है। वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि भी नहीं हो सकी है।
वीडियो सामने आने के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष इंजीनियर विजय कोल ने इसकी आलोचना करते हुए कहा कि किसी जनप्रतिनिधि द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजना को बंद कराने जैसी बात कहना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि कोई महिला नारा नहीं लगाती है तो उसके आधार पर ऐसी टिप्पणी करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। कांग्रेस ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भाजपा की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
वहीं, इस मामले में अब तक विधायक मीना सिंह की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन या संबंधित अधिकारियों ने भी वायरल वीडियो को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र त्रिपाठी