भाेपाल: कुत्तों के बर्फ चाटने का वीडियो वायरल, निगम की कार्रवाई, सिल्लियां नष्ट कराईं, जुर्माना लगाया
भोपाल, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के काजी कैंप क्षेत्र में बर्फ की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक बर्फ डिपो पर रखी बर्फ की सिल्लियों को आवारा कुत्तों द्वारा चाटते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बर्फ की सिल्लियां नष्ट कराईं और डिपो संचालक पर 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। मामला वार्ड-15 स्थित काजी कैंप इलाके के एक बर्फ डिपो का है, जहां थोक और फुटकर में बर्फ की बिक्री की जा रही थी। मंगलवार सुबह वायरल हुए वीडियो में दो आवारा कुत्ते बर्फ की सिल्लियों पर चढ़कर उन्हें चाटते दिखाई दिए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद लोगों ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर चिंता जताई।
नगर निगम की त्वरित कार्रवाई
वीडियो की जानकारी मिलते ही नगर निगम के जोन-4 की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान टीम ने संबंधित बर्फ को उपयोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए उसे नष्ट करा दिया। इसके बाद डिपो संचालक राहुल साहू पर स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के आरोप में 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
स्वास्थ्य पर पड़ सकता है असर
गर्मी के मौसम में गन्ने का रस, शरबत, ज्यूस और अन्य पेय पदार्थों में बर्फ का व्यापक उपयोग होता है। ऐसे में बर्फ के भंडारण और रखरखाव में लापरवाही सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि दूषित बर्फ के सेवन से संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।
निगरानी बढ़ाने की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खाद्य सामग्री और बर्फ के भंडारण स्थलों पर नियमित निरीक्षण की मांग की है, ताकि सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति न हो सके। नगर निगम अधिकारियों ने भी स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे