शहडोल : मृत बछड़े को सड़क पर घसीटने का वीडियो वायरल, गौ रक्षकों ने की थाने में शिकायत

 


शहडोल, 05 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र के कठौतिया गांव में रविवार को एक बछड़े के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। भारी बारिश के बीच एक व्यक्ति ने बछड़े को पीटा और उसके गले में रस्सी का फंदा डालकर सड़क पर घसीटा।

इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद रविवार को गौ रक्षकों ने सिंहपुर थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

वीडियो में दिख रहा है कि बारिश के दौरान एक व्यक्ति बछड़े को पीट रहा है। इसके बाद वह उसके गले में रस्सी बांधकर फंदा बनाता है और उसे सड़क पर कुछ दूरी तक घसीटता है। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। गौ रक्षकों ने इसे पशुओं के प्रति क्रूरता बताते हुए सिंहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

गौ रक्षकों ने पुलिस से पशु क्रूरता निवारण अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो पशुओं के प्रति हिंसा की घटनाएं बढ़ सकती हैं। सिंहपुर पुलिस ने बताया कि उन्हें वीडियो और शिकायत प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वीडियो की सत्यता के साथ घटना की परिस्थितियों का परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला