शहडोल: शस्त्र पूजा में डीआईजी की राइफल से ट्रिगर दबाने पर सिर्फ 'क्लिक' की आवाज, नहीं चली गोली

 


शहडोल, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में विजयादशमी पर पुलिस विभाग के शस्त्र पूजन के दौरान डीआईजी विवेक सिंह की राइफल से गोली नहीं चली। ट्रिगर दबाने पर सिर्फ क्लिक की आवाज आई। इसके बाद दूसरी इन्सास राइफल से फायरिंग की गई। घटना का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद हथियारों की जांच और उनकी स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, राइफल से गोली नहीं चलने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

विजयादशमी पर शहडोल पुलिस लाइन स्थित रिजर्व केंद्र में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शस्त्र पूजा की गई। इस दौरान पुलिस विभाग के अस्त्र-शस्त्र और सरकारी वाहनों का पूजन कर जिले में सुख-शांति, समृद्धि और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कामना की गई। कार्यक्रम में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

शस्त्र पूजा के दौरान फायरिंग की रस्म निभाते समय डीआईजी विवेक सिंह ने राइफल का ट्रिगर दबाया, लेकिन गोली नहीं चली। राइफल से केवल क्लिक की आवाज सुनाई दी। इसके बाद दूसरी इन्सास राइफल से फायरिंग की गई। फिर पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने भी फायरिंग की रस्म पूरी की।

घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि फायरिंग से पहले राइफल की तकनीकी जांच की गई थी या नहीं। क्या हथियार में कोई खराबी थी या गोली नहीं चलने की कोई दूसरी वजह थी? फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में इसे तकनीकी खराबी या लापरवाही का प्रमाण मानना जल्दबाजी होगी। हथियारों के साथ होने वाले औपचारिक कार्यक्रमों में उनकी स्थिति की जांच, सुरक्षित संचालन और तय प्रक्रिया का पालन जरूरी होता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला