जबलपुर : विभाजन विभीषिका दिवस पर पंजाबी महासंघ ने निकाली मौन यात्रा

 


जबलपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या एवं विभाजन विभीषिका दिवस के अवसर पर पंजाबी महासंघ जबलपुर द्वारा शुक्रवार को विभाजन की त्रासदी में अपने प्राण गंवाने वाले लाखों लोगों की स्मृति में समाज अध्यक्ष इंद्र मोहन भाटिया के नेतृत्व में एक मौन यात्रा निकाली गई।

मौन यात्रा गुलाटी चौक, गोरखपुर से प्रारंभ होकर कटंगा तिराहा, कटंगा क्रॉसिंग भगत सिंह चौक तक पहुंची। यात्रा के दौरान समाज जनों ने मौन रहकर विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके त्याग एवं संघर्ष को स्मरण किया।

इस मौन यात्रा में पंजाबी समाज के वरिष्ठजन, प्रतिष्ठित एवं जाने-माने व्यापारी, बुजुर्ग वर्ग, महिलाएं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर विभाजन की पीड़ा को याद किया और देश की एकता, अखंडता एवं भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

पंजाबी महासंघ जबलपुर के पदाधिकारियों ने कहा कि विभाजन विभीषिका दिवस हमें इतिहास के उस दर्दनाक अध्याय की याद दिलाता है, जब लाखों परिवारों को अपने घर-बार छोड़ने पड़े और असंख्य लोगों ने अपने प्राण गंवाए। इस दिन का उद्देश्य उन पीड़ितों को श्रद्धांजलि देना और आने वाली पीढ़ियों को इतिहास की सच्चाई से अवगत कराना है।

मौन यात्रा का समापन भगत सिंह चौक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। आयोजन के दौरान देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक