तीन माह से नहीं मिला वेतन, सफाई कर्मियों ने काम बंद कर शुरू की हडताल
श्योपुर , 04 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर नगर पालिका के कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिला है। इसी के विरोध में मंगलवार को जो जहां सफाईकर्मी, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों ने काम बंद करते हुए कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया, वहीं बुधवार को सभी सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका के सामने ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
हड़ताल पर गए कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें हर बार वेतन संबंधी समस्या का सामना करना पड़ता है। वेतन नहीं मिलने से उनके सामने परिवार की आजीविका चलाने का आर्थिक संकट उत्पन्न हो चुका है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सीएमओ से गुहार लगाने पर उन्हें समस्या के समाधान के बजाए नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है।
ध्वस्त रही नगर की सफाई व्यवस्था
सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से नगर की सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह से ध्वस्त नजर आई। बाजार में न तो झाडू लग सके और न ही सफाई हो सकी। ऐसे में दिन भर शहर की सड़कों पर कचरा उड़ता हुआ नजर आया। बुधवार को बाजार में कचरे के ढेर लगे होने के कारण दुकानदारों को खुद ही सफाई करनी पड़ी।
नपा के स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा
सफाई कर्मियों की बदहाली से नाराज होकर स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष भूपेन्द्र गर्ग (धर्मू) पार्षद वार्ड-5 ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों के हितों की अनदेखी बार-बार की जा रही है। जिससे श्योपुर नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। विगत तीन माह से सफाई कर्मचारी वेतन को लेकर परेशान हैं। नपा की इस लापरवाही से आहत होकर उन्होंने जिलाधीश के समक्ष अपना इस्तीफा पेश किया है।
विधायक ने लगाये राशि दुरूपयोग के आरोप
सफाई कर्मचारियों का कांग्रेस सहित विपक्षी पार्षदों द्वारा समर्थन किया जा रहा है। कांग्रेस विधायक बाबू जण्डेल ने कहा है कि नगर पालिका के कर्मचारियों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान विधायक ने नगर पालिका प्रशासन पर विधायक निधि के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि विधायक निधि की राशि का हिसाब-किताब नहीं दिया गया तो उनके द्वारा पुलिस प्रकरण दर्ज कराया जाएगा।
धरने को समर्थन करने पहुंचे पूर्व विधायक
बुधवार को नगर पालिका के सामने सफाईकर्मियों द्वारा दिये गये धरने को समर्थन करने के लिये पूर्व विधायक बृजराज सिंह चौहान भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर नगर पालिका सीएमओ राधेरमण यादव से चर्चा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत वैष्णव