मैहर: उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती

 


मैहर, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती मध्‍य प्रदेश के मैहर में अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। आयोजन में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुई। अतिथियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को स्मरण किया। पूरे परिसर में सम्मान और आदर का वातावरण बना रहा।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत से अतिथियों का अभिनंदन किया, जिसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इनमें नृत्य, गीत, नाटक और भाषण के माध्यम से विद्यार्थियों ने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रति समर्पण और सामाजिक समानता के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावुक कर दिया और तालियों की गूंज से परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. अंबेडकर के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षा, समानता, अधिकार और कर्तव्य जैसे मूल्यों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष युवाओं के लिए मार्गदर्शक है।

इस अवसर पर कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर संजना जैन, एसडीएम दिव्य पटेल, तहसीलदार जितेंद्र पटेल सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया।

पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर रहा, बल्कि विद्यार्थियों के लिए सामाजिक जागरूकता और प्रेरणा का माध्यम भी बना।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी