उज्जैनः आकाशीय अवलोकन शिविर में देख सकते हैं आसमान में ग्रहों की चहलकदमी
उज्जैन, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन के आसमान में इन दिनों ग्रहों की चहलकदमी चल रही है। इन्हें बहुत अच्छे से दूरबीन की सहायता से जीवाजी वेधशाला में देखा जा सकता है। दरअसल, उज्जैन में सोमवार से आकाशीय अवलोकन शिविर प्रारंभ हुआ है, जो कि 29 मार्च तक प्रतिदिन सायं 7 से रात्रि 9 बजे तक चलेगा।
जीवाजी वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र प्रकाश गुप्त ने बताया कि वर्तमान में आकाश में शाम के समय सूर्यास्त के बाद पश्चिम दिशा में शुक्र ग्रह लट्टू की तरह चमकदार दिखाई दे रहा है। सिर के ऊपर मध्य में चमकदार बृहस्पति ग्रह दिखाई दे रहा है। साथ ही शुक्ल पक्ष का प्रतिदिन बढ़ता हुआ चंद्रमा आकाश में दिखाई दे ही रहा है।
डॉ.गुप्त ने बताया कि इन तीन खगोलीय पिण्डों के अवलोकन के लिए यह शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर के अंतर्गत प्रतिभागियों को आकाशीय जानकारी प्रदान की जाएगी। वहीं 8 इंच व्यास के टेलिस्कोप से चंद्रमा की सतह के गड्ढे, पहाड़, सौर मंडल के सबसे बड़े ग्रह बृहस्पति की सतह की पट्टियां एवं उसके उपग्रहों, पृथ्वी के नजदीक ग्रह शुक्र को उसकी चंद्रमा की तरह कलाओं के साथ दिखाया एवं समझाया जाएगा। शुक्र ग्रह नीचे की स्थिति में होने के कारण सायं 7.30 बजे बाद टेलिस्कोप की परिधि से बाहर हो जाएगा, इसलिए इसे सायं 7.30 बजे तक ही देखा जा सकेगा। मौसम साफ होने पर ही आकाशीय अवलोकन किया जा सकेगा। शिविर में शामिल होने के लिए 20 रु. शुल्क देय होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल