छिंदवाड़ा वन विभाग में मजदूरी भुगतान अनियमितता पर कार्रवाई, दो वनरक्षक निलंबित, दो कंप्यूटर ऑपरेटर हटाए गए

 


छिंदवाड़ा, 31 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा पश्चिम वनमंडल में मजदूरी भुगतान से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर दो वनरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि दो कंप्यूटर ऑपरेटरों को कार्य से पृथक कर दिया गया है। मामले की आगे की जांच कोषालय विभाग द्वारा जारी है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2017 से 2023 के बीच मजदूरी भुगतान में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद भोपाल कोषालय के निर्देश पर छिंदवाड़ा कोषालय और पश्चिम वनमंडल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान करीब 80 लाख रुपये के भुगतान संबंधी दस्तावेजों की पड़ताल की गई।

इस मामले में प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान ट्रेजरी कार्य देख रहे वनरक्षक शाहिद खान को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। जांच में उन पर लगभग 4.50 लाख रुपये के गबन के आरोप सामने आने की बात कही गई थी।

विभागीय कार्रवाई के अगले चरण में पश्चिम वनमंडल के संभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) साहिल गर्ग ने सावरी रेंज में पदस्थ वनरक्षक धन कुमार चौधरी तथा दमुआ रेंज में पदस्थ वनरक्षक अमित कुमार सोनटके को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

इसके अलावा सावरी रेंज के कंप्यूटर ऑपरेटर बृजेश परिहार और परासिया रेंज के कंप्यूटर ऑपरेटर सतीश बोरिकर को भी कार्य से पृथक कर दिया गया है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, मजदूरी भुगतान में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में जांच अभी जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, कोषालय विभाग पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि इस मामले में शासन को लाखों रुपये की वित्तीय क्षति होने के आरोपों की जांच की जा रही है। अंतिम जिम्मेदारी और वित्तीय नुकसान का वास्तविक आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

इस संबंध में पश्चिम वनमंडल डीएफओ, साहिल गर्ग का कहना है कि त्रुटिपूर्ण भुगतान को लेकर चल रही जांच में दोषी पाए गए दो और वनरक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि एक वनरक्षक पर पहले ही कार्रवाई हो चुकी थी। इसके अलावा दो कम्प्यूटर ऑपरेटर को भी पद से पृथक किया गया है। भुगतान में गड़बड़ी मिलने पर यह कार्रवाई की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / sandeep chowhan