उज्जैन विकास प्राधिकरण ने ढहाए 9 अवैध अतिक्रमण

 


उज्जैन, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में मंगलवार को शहर विकास प्राधिकरण ने हरिफाटक आवासीय योजनान्तर्गत 9 अवैध अतिक्रमण हटाए। ये भूखण्ड क्रं.231 ए,66 एवं 66 ए व उसके तीन भाग 67 ए एवं बी,68बी,69 ए एवं बी, 71,72,73 एवं 74 पर निर्मित अवैध निर्माणों को ढहाया। इस कार्यवाही से हरिफाटक मार्ग चौड़ीकरण एवं हरिफाटक ओव्हरब्रिज कार्य को गति मिलेगी।

उविप्रा सीईओ संदीप सोनी ने बताया कि उक्त भूखण्ड 40 से 45 वर्ष पूर्व आवासीय उद्देश्य से लीज पर दिए गए थे। कई रहवासियों ने लीज डीड का उल्लंघन करते हुए रहवासी की जगह इनका व्यावसायिक उपयोग शुरू कर दिया था। ऐसा करना,बिना उविप्रा की अनुमति से विक्रय करना और भूखण्डों का विभाजन करना शर्तो का उल्लंघन था। इसीलिए लीज निरस्ती पश्चात इन्हें हटाया गया। इसके पूर्व 23 भूखण्डों पर बने अवैधानिक भवनों को तोड़ा जा चुका है। मंगलवार को इस कार्य में जिला प्रशासन,पुलिस विभाग एवं नगर निगम का सहयोग मिला। इस कार्यवाही में 2 पोकलेन, 6 जेसीबी, 50 कर्मचारियों की गैंग तथा 100 से अधिक पुलिस अधिकारी, कर्मचारी शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल