अनूपपुर: वेंकटनगर में ठहराव के पहले दिन साढ़े सात घंटे देरी से पहुंची उत्कल एक्सप्रेस

 




अनूपपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले एवं छत्तीसगढ़ का प्रवेश द्वार वेंकटनगर रेलवे स्टेशन में सांसद हिमाद्री सिंह लगातार प्रयास से कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस (18477) का ठहराव शुरू हो गया है।

निर्धारित समय शाम 4 बजकर 29 मिनट से लगभग साढ़े सात घंटे विलंब से यह ट्रेन रात करीब 12 बजे के बाद (शुक्रवार-शनिवार) वेंकटनगर स्टेशन पहुंची। इसके बावजूद, बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और वेंकटनगर के ग्रामीण बैंड बाजे के साथ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के स्वागत के लिए मौजूद थे। प्लेटफार्म 2 पर ट्रेन के पहुंचने पर ड्राइवर को मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर स्वागत किया गया। इसके बाद ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना किया गया।

ट्रेन के इस पहले ठहराव से स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा गया। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। इससे पहले तक वेंकटनगर स्टेशन पर केवल लोकल ट्रेनें ही रुकती थीं। अब लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्रवासियों को अनूपपुर या बिलासपुर नहीं जाना पड़ेगा।

समय की होगी बचत

वेंकटनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय सिंह राठौर ने कहा कि उत्कल एक्सप्रेस का यह ठहराव क्षेत्र के लिए उपलब्धि है। इससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में अधिक सुविधा और सुगमता मिलेगी, जिससे उनका समय बचेगा। उन्होंने यह भी बताया कि इससे क्षेत्र के विकास और संपर्क व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, और अब क्षेत्र का सीधा संपर्क दिल्ली के साथ-साथ आध्यात्मिक नगरी ऋषिकेश से भी जुड़ गया है।

नर्मदा एक्सप्रेस का भी ठहराव मिलेगा

इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद केशरवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव और सांसद हिमाद्री सिंह को क्षेत्र की जनता की ओर से धन्यवाद दिया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही वेंकटनगर में नर्मदा एक्सप्रेस का ठहराव भी मिलेगा, जिसके लिए सांसद हिमाद्री सिंह लगातार प्रयास कर रही हैं।

उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव के स्वागत में भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद केशरवानी, जिला मंत्री अमर सिंह राठौर, वेंकटनगर मंडल अध्यक्ष विजय सिंह राठौर, लक्ष्मीनारायण केशरवानी उपस्थित रहे। रेलवे पुलिस से एसआई कमल किशोर दुबे, राजकुमार यादव, स्टेशन मास्टर भूपेंद्र कुमार और पुलिस चौकी वेंकटनगर से एसआई प्रवीण साहू, विजय टाटू भी इस मौके पर मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला