राजगढ़ः उठो युवा जागो अभियान के दूसरे पड़ाव में छात्राओं को बताए नैतिक मूल्यों के महत्व

 


राजगढ़, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में उठो युवा जागो अभियान के तहत ब्यावरा शहर के स्कूलों में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का गुरुवार को दूसरा पड़ाव रहा। सिस्टर निवेदिता गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल और शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं को ‘नैतिक शिक्षा से सशक्त नारी’ विषय पर मार्गदर्शन दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं स्वागत से हुई। कार्यक्रम में माउंट आबू से आए राजयोगी ब्रह्माकुमार भगवान भाई ने कहा कि वर्तमान की छात्राएं ही भविष्य की नारी हैं। यदि उन्हें नैतिक शिक्षा और आध्यात्मिक ज्ञान से सशक्त बनाया जाए तो वे परिवार, समाज और राष्ट्र की मजबूत आधारशिला बन सकती हैं। भगवान भाई ने कहा कि नारी परिवार की धुरी और समाज की महत्वपूर्ण इकाई है। माता संतान की पहली गुरु होती है। इसलिए यदि मां शिक्षित, गुणवान, चरित्रवान और आत्मसम्मान से भरपूर होगी तो उसके संस्कारों का प्रभाव बच्चों पर भी पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि राजयोग के अभ्यास से तनाव कम कर सकारात्मक सोच विकसित की जा सकती है। उन्होंने आधुनिक जीवन में बढ़ती रूढ़ियों, कुरीतियों, नशे और दिखावे की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई। कहा कि नैतिक मूल्यों की कमी समाज को पतन की ओर ले जाती है। नारी जागृत होगी तो समाज भी जागृत होगा। विद्यालय की प्राचार्य सीमा त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों का सामना करने के लिए नैतिक मूल्यों और सकारात्मक चिंतन की आवश्यकता है।

रामबगस दांगी ने भारतीय संस्कृति की आध्यात्मिक परंपरा का उल्लेख करते हुए नैतिकता को जीवन का आधार बताया। स्थानीय ब्रह्माकुमारी राजयोग सेवा केंद्र की प्रभारी बीके लक्ष्मी दीदी ने छात्राओं से अपनी शक्ति पहचानने और विचारों में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया।अंत में बीके भगवान भाई ने विद्यार्थियों को राजयोग मेडिटेशन कराया। कार्यक्रम में बीके सुमित्रा दीदी, शिक्षिका किरण अग्रवाल सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। अभियान का तीसरा और अंतिम पड़ाव 22 अगस्त को आयोजित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक