अनूपपुर: जमीन का सीमांकन न होने से नराज किसान पेड़ पर चढ़कर खुदकुशी की धमकी दी
अनूपपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर के कोतवाली थाना अंर्तगत ग्राम छीरापटपर गांव में जमीन के सीमांकन को लेकर बुधवार को एक किसान आम के पेड़ पर चढ़ कर फांसी लगाने की धमकी देने लगा। खबर मिलते ही राजस्व विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत और तुरंत सीमांकन करने के बाद किसान को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
कोतवाली थाना प्रभारी सविता लाकड़ा ने बताया कि डोंगरीटोला सकरा निवासी किसान भगवान दास गोंड की करीब 4 एकड़ जमीन छीरापटपर में है। इस जमीन को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद चल रहा है और मामला जबलपुर हाईकोर्ट में लंबित है। किसान चाह रहा था कि दूसरा पक्ष उसकी जमीन पर खेती न करे और इसी का विरोध करते हुए उसने यह खतरनाक कदम उठाया।
किसान भगवान दास अपनी जमीन का सीमांकन कराने के लिए काफी समय से अधिकारियों पर दबाव बना रहा था। उसने मंगलवार को जनसुनवाई में भी आवेदन देकर चेतावनी दी थी कि अगर सीमांकन नहीं हुआ तो वह जान दे देगा। हालांकि, मामला कोर्ट में होने की वजह से अधिकारियों ने उस समय उसे समझा-बुझाकर घर भेज दिया था।
बुधवार की दोपहर किसान फिर अपनी जमीन पर पहुंचा और सीधे आम के पेड़ पर चढ़कर खुदकुशी की धमकी देने लगा। सूचना मिलते ही एसडीएम प्राशी अग्रवाल के निर्देश पर तहसीलदार वेद प्रकाश सिंह, नायब तहसीलदार गणेश पनिका और कोतवाली पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसान को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह तुरंत सीमांकन कराने की जिद पर अड़ा रहा। आखिरकार उसकी जिद के आगे राजस्व टीम को मौके पर ही जमीन का सीमांकन करना पड़ा, जिसके बाद ही किसान पेड़ से नीचे उतरा और प्रशासन ने राहत की सांस ली।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला