उज्जैन के उत्कृष्ट उमावि में शिक्षक-छात्र विवाद पर बवाल, 3 घंटे चला चक्काजाम
उज्जैन, 11 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में शास्त्री नगर स्थित उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय में अंग्रेजी बोलने को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार को सड़क पर उतर आया। 12वीं के छात्रों ने इंटर्न शिक्षिका पर अभद्र भाषा और शिक्षक पर मारपीट का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
एबीवीपी के समर्थन से तीन घंटे तक चक्काजाम चला। बाद में स्कूल प्रशासन ने इंटर्न शिक्षिका को हटाने और शिक्षक के खिलाफ जांच का आश्वासन दिया, तब जाकर मामला शांत हुआ।
उत्कृष्ट विद्यालय में शनिवार को कक्षा के भीतर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में बड़े प्रदर्शन में बदल गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि अंग्रेजी में जवाब नहीं देने पर इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर शिक्षक रवि पंड्या ने 12वीं के छात्र शिवेश चौधरी को कक्षा से बाहर ले जाकर मारपीट की। छात्र का आरोप है कि इस दौरान उसकी शर्ट भी फाड़ दी गई। घटना के विरोध में छात्र स्कूल से बाहर आ गए। कुछ ही देर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और शास्त्री नगर रोड पर चक्काजाम कर दिया।
करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी होती रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नीलगंगा और माधव नगर थाना पुलिस को मौके पर तैनात किया गया। दूसरी ओर इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल ने छात्रों के आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि कुछ छात्र लगातार शोर मचा रहे थे, टेबल और बेंच बजा रहे थे तथा समझाने पर मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने शिक्षक रवि पंड्या को बुलाया। उनके अनुसार शिक्षक द्वारा छात्र को थप्पड़ मारने के बाद छात्र ने भी शिक्षक को थप्पड़ मार दिया, जिससे विवाद बढ़ गया।
प्राचार्य की कार्रवाई पर समाप्त हुआ चक्का जामशाम करीब 6.30 बजे प्राचार्य विभा शर्मा ने छात्रों और एबीवीपी पदाधिकारियों से चर्चा की। इसके बाद लिखित आश्वासन दिया गया कि इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से हटा दिया गया है। वहीं शिक्षक रवि पंड्या से माफीनामा लिखवाकर उनके खिलाफ जांच शुरू की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर चक्काजाम खोल दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल