इंदौर में लेंसकार्ट पर बवाल, ड्रेस कोड विवाद के बीच शोरूम के बाहर प्रदर्शन, चश्मे तोड़े

 


इंदौर, 23 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में लेंसकार्ट की ड्रेस कोड नीति को लेकर विवाद ने गुरुवार को नया मोड़ ले लिया, जब वर्ल्ड हिंदू फेडरेशन मध्य प्रदेश ने स्कीम-54 स्थित शोरूम के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने न सिर्फ कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की, बल्कि चश्मे तोड़कर अपना विरोध भी दर्ज कराया और उत्पादों के बहिष्कार का ऐलान किया।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी शामिल रहीं। उन्होंने शोरूम की महिला कर्मचारियों को तिलक लगाकर उन्हें “बिना डर अपने धार्मिक प्रतीकों के साथ काम करने” का संदेश दिया। इस दौरान सिद्धेश्वर धाम के पीठाधीश्वर स्वामी अतुल आनंद महाराज की मौजूदगी ने प्रदर्शन को और प्रमुख बना दिया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लेंसकार्ट की आंतरिक नीति में हिंदू धार्मिक प्रतीकों जैसे बिंदी, तिलक और कलावा पर रोक लगाई गई थी जबकि अन्य धार्मिक प्रतीकों को अनुमति दी गई। उन्होंने इसे “धार्मिक भेदभाव” करार देते हुए कहा कि ऐसी नीति किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंपनी ने स्पष्ट और संतुलित रुख नहीं अपनाया, तो इंदौर के सभी शोरूम पर विरोध तेज किया जाएगा और पूरे मध्य प्रदेश में उत्पादों का बहिष्कार किया जाएगा। फेडरेशन की महिला प्रदेश अध्यक्ष सुनीता जायसवाल समेत अन्य महिला कार्यकर्ताओं ने भी कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

गाैरतलब है कि विवाद बढ़ने पर लेंसकार्ट के संस्थापक और सीईओ पीयूष बंसल ने सफाई देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल दस्तावेज पुराना है और वर्तमान नीति में किसी भी धार्मिक प्रतीक पर कोई प्रतिबंध नहीं है। कंपनी ने नई स्टाइल गाइड जारी कर स्पष्ट किया कि बिंदी, तिलक, सिंदूर, कलावा, मंगलसूत्र, हिजाब और पगड़ी सहित सभी धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों की अनुमति है, साथ ही भ्रम की स्थिति के लिए खेद भी जताया। इसके बावजूद वर्ल्ड हिंदू फेडरेशन ने मांग की है कि शुरुआती नीति में दिखाई दिए कथित भेदभाव की जवाबदेही तय की जाए। संगठन ने कंपनी से सार्वजनिक माफी और भविष्य में ऐसी स्थिति न बनने की ठोस गारंटी देने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे