राजगढ़ः जिले में यूनिसेफ के वैश्विक और राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने किया दौरा

 


राजगढ़, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बाल संरक्षण की स्थिति और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए यूनिसेफ के वैश्विक एवं राष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिले का भ्रमण किया। इस दौरान प्रतिनिधि मंडल द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, किशोरों, युवाओं और न्यायिक अधिकारियों से संवाद कर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल में यूनिसेफ की ग्लोबल डायरेक्टर चाइल्ड प्रोटेक्शन एंड माइग्रेशन शीमा सेन गुप्ता, यूनिसेफ इंडिया की प्रमुख चाइल्ड प्रोटेक्शन मिलन किडाने सहित अन्य विशेषज्ञ शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी और जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले से मुलाकात की। बैठक में जोखिमग्रस्त बच्चों और परिवारों की समय पर पहचान, उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा पुलिस, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग और ग्राम पंचायतों के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बाल विवाह की रोकथाम और परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने से जुड़े प्रयासों पर चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने बनानिया ग्राम पंचायत में आसपास की तीन अन्य पंचायतों के सरपंचों, सचिवों, शिक्षकों, विभागीय अधिकारियों और किशोर- किशोरियों से संवाद किया। इस दौरान बाल विवाह के सामाजिक कारणों, बच्चों की शिक्षा जारी रखने और बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत बनाने में समुदाय की भूमिका पर चर्चा हुई। युवाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ उनकी भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

भ्रमण के अंतिम चरण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता प्राधिकरण के सचिव देवदत्त ने की। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नीलिमा देवेदत्त सहित न्यायिक अधिकारियों, सरकारी विभागों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन, हिंसा से प्रभावित बच्चों को कानूनी सहायता, परामर्श और संरक्षण सेवाएं उपलब्ध कराने पर विचार किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बच्चों की सुरक्षा, गरिमा और गोपनीयता को प्राथमिकता देने के साथ प्रशासन, पंचायतों, पुलिस और न्यायिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों को जरूरी बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक