अमित शाह के कार्यक्रम के चलते भोपाल में बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, कई मार्ग प्रभावित रहेंगे

 


भोपाल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आज शनिवार को भेल दशहरा मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए भोपाल में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कार्यक्रम के दौरान सुबह 9 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक भेल क्षेत्र के आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव रहेगा।

पुलिस ने आम वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। वहीं भारी, मालवाहक, व्यावसायिक और अनुमति प्राप्त वाहनों का कार्यक्रम स्थल के आसपास के मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

इन मार्गों पर रहेगा ज्यादा दबाव

गोविंदपुरा टर्निंग, अन्ना नगर तिराहा, करियर कॉलेज, सद्भावना चौराहा, भेल गेट नंबर-6, महात्मा गांधी चौराहा और सिक्योरिटी लाइन चौराहा के आसपास यातायात प्रभावित रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से इन मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

इन रास्तों से निकल सकेंगे वाहन

महात्मा गांधी चौराहे से करियर कॉलेज की ओर जाने वाले वाहन बरखेड़ी गुलाब उद्यान तिराहा, कस्तूरबा अस्पताल होते हुए आईएसबीटी और चेतक ब्रिज की ओर जा सकेंगे। चेतक ब्रिज और गोविंदपुरा टर्निंग से महात्मा गांधी चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को सांची डेयरी कट, कस्तूरबा अस्पताल, गुलाब उद्यान रोड और बरखेड़ा मार्केट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

अवधपुरी से एमपी नगर की ओर जाने वाले वाहन सेंट जेवियर स्कूल के पीछे से बरखेड़ा मार्केट और एम्स अस्पताल होकर निकल सकेंगे। आईटीआई तिराहे से करियर कॉलेज, चेतक ब्रिज और आईएसबीटी की ओर जाने वाले वाहनों को सिक्योरिटी लाइन चौराहा, सांवटिका पेट्रोल पंप तिराहा होकर आगे भेजा जाएगा।

यात्री बसों के लिए भी बदला रूट

होशंगाबाद, जबलपुर, छिंदवाड़ा और बैतूल की ओर से आने वाली बसें 11 मील और हबीबगंज नाका होते हुए आईएसबीटी तक जा सकेंगी। आईएसबीटी से आगे नादरा बस स्टैंड की ओर इन बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सागर, छतरपुर और दमोह की ओर से आने वाली बसें पटेल नगर बायपास, 11 मील और हबीबगंज नाका होते हुए आईएसबीटी पहुंचेंगी।

इंदौर और उज्जैन की ओर से आने वाली बसें हलालपुर बस स्टैंड तक ही आ सकेंगी। हलालपुर से आगे लालघाटी की ओर इनका प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गुना, राजगढ़ और ब्यावरा की ओर से आने वाली बसें मुबारकपुर बायपास, गांधीनगर और लालघाटी चौराहा होते हुए हलालपुर बस स्टैंड तक पहुंच सकेंगी।

कार्यक्रम में आने वाली बसों के लिए ड्रॉप एंड गो

कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की बसों के लिए अलग ड्रॉप एंड गो व्यवस्था की गई है। सीहोर, फंदा, खजूरी और राजगढ़-ब्यावरा की ओर से आने वाली बसें मुबारकपुर, लांबाखेड़ा, चौपड़ा कलां, पटेल नगर, आनंद नगर, रत्नागिरी और पिपलानी होते हुए भेल गेट नंबर-6 के पास यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद बसों को जंबूरी मैदान पार्किंग में खड़ा किया जाएगा।

विदिशा और सूखी सेवनिया की ओर से आने वाली बसें चौपड़ा कलां, पटेल नगर, आनंद नगर, रत्नागिरी और पिपलानी होते हुए भेल गेट नंबर-6 पर यात्रियों को उतारेंगी। रायसेन तथा हरदा-नर्मदापुरम की ओर से आने वाली बसें निर्धारित बायपास मार्गों से होकर भेल गेट नंबर-6 तक पहुंचेंगी और यात्रियों को उतारने के बाद जंबूरी मैदान पार्किंग में जाएंगी।

भोपाल शहर से आने वाली बसों के लिए भी अलग ड्रॉप एंड गो और पार्किंग व्यवस्था रहेगी। प्रभात चौराहा और आईटीआई तिराहा होकर आने वाली बसें हेम स्कूल के पास यात्रियों को उतारकर CISF मैदान में पार्क होंगी। बोर्ड ऑफिस, चेतक ब्रिज, अन्ना नगर और करियर कॉलेज की ओर से आने वाली बसें हेम स्कूल के पास ड्रॉप एंड गो के बाद जवाहर लाल नेहरू स्कूल के सामने और सिक्योरिटी लाइन कॉलोनी मैदान में पार्क की जाएंगी।

एयरपोर्ट और इंदौर जाने वाले वाहन इन रास्तों का करें उपयोग

बैरागढ़, राजाभोज एयरपोर्ट और राजगढ़-ब्यावरा की ओर जाने वाले वाहन मातामंदिर, मैनिट, नेहरू नगर, भदभदा चौराहा, नीलबड़, नाथू बरखेड़ा रोड, मुगालिया छाप, खजूरी सड़क और मुबारकपुर होकर जा सकेंगे। सीहोर-इंदौर की ओर जाने वाले वाहन मातामंदिर, मैनिट, नेहरू नगर, भदभदा, नीलबड़, रातीबड़ और झागरिया मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

भोपाल शहर से सीहोर-इंदौर, राजगढ़-ब्यावरा और एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वाहन प्रभात चौराहा, जेके रोड, रत्नागिरी, अयोध्या बायपास, भानपुर, करोंद, नई जेल और गांधीनगर तिराहा होकर जा सकेंगे।

आकस्मिक सेवाओं को छूट

एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आकस्मिक वाहनों के आवागमन पर किसी प्रकार का प्रतिबंध नहीं रहेगा। यातायात संबंधी जानकारी या असुविधा की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 और 2443850 पर संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे