सतना जेल के विचाराधीन बंदी की अस्पताल में मौत, मजिस्ट्रियल जांच के बाद पैनल ने किया पोस्टमार्टम
सतना, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिला जेल में निरुद्ध एक विचाराधीन बंदी की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बंदी की जेल में अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे देर रात अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नियमानुसार मामले में मजिस्ट्रियल जांच कराई गई, जिसके बाद शुक्रवार को डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक की पहचान मन्नू उर्फ मनोज सिंह (40), निवासी ग्राम झाली, के रूप में हुई है। कोठी थाना पुलिस ने उसे 2 जुलाई को विभिन्न धाराओं एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में गिरफ्तार किया था। विशेष न्यायालय (एससी-एसटी एक्ट) में पेशी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेजा गया था।
जेल में बिगड़ी तबीयत
जेल प्रशासन के अनुसार, गुरुवार 23 जुलाई की शाम मन्नू ने उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की थी। उसे तत्काल जेल चिकित्सालय में भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया। उपचार के बाद उसकी स्थिति में कुछ सुधार बताया गया, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।
देर रात अस्पताल में तोड़ा दम
रात करीब 11 बजे बंदी अचानक अपने पलंग से नीचे गिर पड़ा। इसके बाद उसे ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ जेल सुरक्षा बल की निगरानी में रात 11:15 बजे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रात 11:36 बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
घटना की सूचना मिलते ही नियमानुसार मजिस्ट्रियल जांच कराई गई। शुक्रवार को जिला अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही चल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे