उज्जैन में डंपर की टक्कर से मजदूर की मौत, दो गंभीर घायल, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
फोरलेन पार करते समय हुआ हादसा, चालक की तलाश जारी
उज्जैन, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नरवर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने देवास रोड पर प्रदर्शन कर डंपर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार नरवर निवासी धर्मेंद्र शेरवाल (39), कालू नागवंशी (35) और रोशन (36) मजदूरी के लिए उज्जैन जा रहे थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर निकले थे। सेमलिया फंटे के पास फोरलेन सड़क पार करते समय देवास की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए और डंपर की चपेट में आ गए। हादसे में धर्मेंद्र शेरवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कालू नागवंशी और रोशन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कालू नागवंशी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे देवास स्थित अमलतास अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं रोशन का उपचार उज्जैन के चरक अस्पताल में चल रहा है। दोनों की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे से नाराज लोगों ने कुछ समय के लिए देवास रोड पर प्रदर्शन और नारेबाजी की। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण तथा आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही नरवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है तथा चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे