उज्जैन में श्रद्धालुओं से भरी टवेरा पलटी, 9 घायल, मंदिर महंत ने राहत कार्य में संभाली कमान
उज्जैन, 04 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में ऋणमुक्तेश्वर मंदिर से भर्तहरी गुफा की ओर जा रही आंध्र प्रदेश के श्रद्धालुओं से भरी टवेरा गुरुवार को अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 9 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री वाहन में फंस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टवेरा वाहन घाट क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद कुछ श्रद्धालु वाहन के नीचे दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और मंदिर प्रबंधन की मदद से बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना के बाद ऋणमुक्तेश्वर मंदिर के महंत महावीरनाथ महाराज और उनके सहयोगियों ने राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने वाहन में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने में मदद की और घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घायल श्रद्धालु आंध्र प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो उज्जैन दर्शन के लिए आए थे।
घाट निर्माण क्षेत्र में हादसा, जांच शुरू
जानकारी के अनुसार हादसा उस स्थान पर हुआ जहां घाट निर्माण का कार्य चल रहा है। एक ओर निर्माण कार्य और दूसरी ओर दीवार होने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ने से वह घाट की ओर पलट गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे