उज्जैन के छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा को अंतिम विदाई, मुख्यमंत्री-सांसद ने दी श्रद्धांजलि, चक्रतीर्थ में हुआ अंतिम संस्कार

 




उज्जैन, 03 अप्रैल (हि.स.)। कनाडा में हत्या का शिकार हुए उज्जैन के 25 वर्षीय छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा का पार्थिव शरीर 21 दिन बाद शुक्रवार को उनके गृह नगर पहुंचा। गमगीन माहौल में चक्रतीर्थ शमशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। पार्थिव शरीर के उज्जैन पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। बेटे के अंतिम दर्शन करते ही माता-पिता फूट-फूटकर रो पड़े। लंबे इंतजार के बाद बेटे को अंतिम विदाई देते समय मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यमंत्री गौतम टेटवाल और विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने गुरकीरत के निवास पहुंचकर पुष्प अर्पित किए और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कनाडा में पिछले दिनों हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद स्व. गुरकीरत मनोचा जी का पार्थिव शरीर आज उज्जैन लाया गया। उनके निवास पर अंतिम दर्शन कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन प्रदेशवासियों के सुख दुख में साथ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भारत सरकार और मध्य प्रदेश शासन के प्रयासों से स्व मनोचा का पार्थिव शरीर कनाडा से भारत लाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने बाबा श्री महाकाल से स्व मनोचा के परिवार को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।

गुरुद्वारे में अरदास के बाद निकली अंतिम यात्रा

शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे पार्थिव शरीर पार्श्वनाथ सिटी स्थित निवास पहुंचा। इसके बाद अंतिम दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ। करीब पौने 10 बजे अंतिम यात्रा निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई फ्रीगंज स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंची, जहां अंतिम अरदास की गई। इसके बाद चक्रतीर्थ स्थित विद्युत शवदाह गृह में अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में सिख समाज सहित बड़ी संख्या में परिजन, मित्र और शहरवासी शामिल हुए।

अहमदाबाद से लाया गया पार्थिव शरीर

गुरकीरत का पार्थिव शरीर गुरुवार शाम अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचा था, जहां कस्टम और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद रात करीब 9 बजे एंबुलेंस से उज्जैन के लिए रवाना किया गया।

कनाडा में हुई थी निर्मम हत्या

गौरतलब है कि 14 मार्च को कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन (ब्रिटिश कोलंबिया) में गुरकीरत सिंह मनोचा की हत्या कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि 10–12 युवकों ने पहले उनके साथ मारपीट की और बाद में उन पर कार चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल गुरकीरत को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

न्याय की मांग

घटना के बाद से परिवार अंतिम दर्शन के लिए 21 दिनों तक इंतजार करता रहा। अब परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे