उज्जैन सिंहस्थ 2028 की तैयारियां जारी. संभागायुक्त-कलेक्टर ने किया सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण
- आगर रोड़ से खाक चौक चौराहा तक निर्माणाधीन सड़क के बीच फूलदार पौधे लगाने के निर्देश
उज्जैन, 16 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ महापर्व 2028 की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। इसी क्रम में संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने गुरुवार को सिंहस्थ मेला क्षेत्र की महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की जानकारी ली।
इस दौरान संभागायुक्त सिंह ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र के आगर रोड़ से खाक चौक तक निर्माणाधीन सड़क चौड़ीकरण कार्य में सड़क के बीच में फूलदार ऐसे पौधे लगाएं जाएं, जो अप्रैल-मई महीने में फूल देते हैं। उन्होंने निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप सिंहस्थ 2028 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के विकास कार्य प्रगतिरत है। इसी क्रम में संभागायुक्त और कलेक्टर ने सिंहस्थ मेला क्षेत्र के लिए आगर रोड़ चौराहा से खाक चौक चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर कार्य प्रगति की जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा दी गई। सड़क चौड़ीकरण कार्य के बाद यह मार्ग दोनों ओर से 12-12 मीटर चौड़ा हो जाएगा। संभागायुक्त ने मार्ग के बीच में फूलदार पौधे लगाने के साथ ही बारिश के पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने शिप्रा नदी के तट समीप श्री रणजीत हनुमान मंदिर से सिंहस्थ बायपास वाया ग्राम गोंसा तक 4 लेन निर्माणाधीन सड़क मार्ग का निरीक्षण किया। मौके पर जानकारी दी गई कि 2.1 किलोमीटर लंबे और 12 मीटर चौड़े मार्ग निर्माण का कार्य प्रगतिरत है। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से की जाए। जिससे कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हो सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य में टेंडर की सभी शर्तों का पालन करते हुए निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जाए। साथ ही डामर का कार्य वर्षा ऋतु शुरु होने के पहले किया जाए।
संभागायुक्त ने सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा देने के लिए नईखेड़ी रेलवे स्टेशन से पहुंच मार्ग 1.30 कि.मी. निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। मौके पर जानकारी दी गई कि सड़क निर्माण में स्क्रेप का कार्य किया जा चुका है। सड़क निर्माण कार्य जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। संभागायुक्त ने करोहन से नईखेडी पंचक्रोशी मार्ग का भी निरीक्षण कर निर्देश दिए कि मार्ग निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर